बदायूँ : बर्ड फ्लू की रोकथाम हेतु पशुपालन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

बदायूँ । मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. समदर्शी सरोज ने बताया कि जनपद रामपुर के कुक्कुट पक्षियों में एच-5 एन-1 एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस (बर्ड फ्लू) की पुष्टि हुई है। इसे देखते हुए जनपद बदायूँ में भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं और सभी रेपिड रेस्पॉन्स टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।

जनपद में पशु चिकित्सालय सदर को कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसके प्रभारी डॉ. अनेक सिंह (मो. 7055543491) और नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार (मो. 9473914277) को नामित किया गया है। अब तक 785 सैंपल जांच के लिए आईवीआरआई बरेली भेजे गए हैं, जिनमें से कोई भी पॉजिटिव नहीं पाया गया है। वर्तमान में जनपद में बर्ड फ्लू नहीं है, लेकिन यदि किसी स्थान पर कई पक्षियों या मुर्गियों की अचानक मृत्यु हो, तो इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी जाए।

एडवाइजरी में बताया गया है कि अच्छी तरह पका हुआ मांस या अंडा खाने से बर्ड फ्लू नहीं फैलता है, इसलिए इन्हें पकाकर ही खाएं। पक्षियों के पालने के स्थान पर जैव सुरक्षा, सफाई और डिसइन्फेक्शन का पालन करें। पक्षियों को हाथ लगाने के बाद एंटीसेप्टिक लोशन से हाथ धोएं और बीमार पक्षियों को स्वस्थ पक्षियों से अलग रखें।

क्या न करें के अंतर्गत निर्देश दिए गए हैं कि मृत पक्षियों को न छुएं, अफवाहों पर ध्यान न दें, बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्रों में न जाएं, पक्षियों को खुले वाहनों में परिवहन न करें, फार्म के बीच कम से कम 500 मीटर की दूरी रखें और बाहरी व्यक्तियों को फार्म पर आने से रोकें। संक्रमित पक्षियों के सीधे संपर्क से बचें और हाथों से दाना न खिलाएं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.