बाबा बलदेव दास महाराज का मेला, विशाल भंडारा व कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन

कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम

टपूकड़ा। क्षेत्र के गांव राबड़का स्थित पावन धाम बाबा बलदेव दास महाराज के मंदिर प्रांगण में हर छः माह में लगने वाले पारंपरिक मेले का आयोजन बुधवार को धूमधाम से किया गया। मेले में विशाल भंडारे के साथ-साथ कुश्ती दंगल भी आयोजित किया गया, जिसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

पूर्व सरपंच नरेंद्र यादव ने बताया कि बाबा बलदेव दास महाराज के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था है, और हर छः माह में यहां मेले का आयोजन होता है। मेले की पूर्व संध्या पर रात्रि जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें भजन-कीर्तन और बाबा के गुणगान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सुबह विधिवत हवन-यज्ञ के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। शाम को कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र और प्रदेश के नामी पहलवानों ने भाग लिया। दंगल की आखिरी और सबसे रोमांचक कुश्ती का कामड़ा ₹51,000 का रखा गया था। यह कुश्ती दिनेश गोला और सतीश खुर्मपुर के बीच लड़ी गई, जिसमें दिनेश गोला विजेता बने। इस विशेष कुश्ती का आयोजन एडवोकेट वीर नारायण यादव द्वारा कराया गया।

इस पावन अवसर पर बाबा बलदेव दास विकास समिति के अध्यक्ष सावंत सिंह यादव, सचिव जगदीश यादव, कोषाध्यक्ष रूप चंद यादव, कप्तान दयाराम, एडवोकेट वीर नारायण यादव, पूर्व सरपंच सत्यप्रकाश यादव, राजेश महाशय सहित अनेक गणमान्य नागरिक व सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।

समिति के सदस्यों और ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हुआ यह आयोजन श्रद्धा, समर्पण और सांस्कृतिक परंपराओं का अनुपम संगम रहा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.