लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर भारी हंगामा प्रियंका गांधी और अनुराग ठाकुर के बीच तीखी नोकझोंक
शिक्षा सुधार समिति के सदस्य को गोमूत्र विशेषज्ञ बताने पर भड़के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर गांधी परिवार पर किया तीखा पलटवार
- रिपोर्टर: प्रमोद यादव
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल (पब्लिक एग्जामिनेशन अमेंडमेंट बिल 2026) पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच भारी राजनीतिक संग्राम देखने को मिला। चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार द्वारा गठित नई शिक्षा सुधार समिति (हाई-पावर्ड टास्क फोर्स) के गठन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने समिति के एक सदस्य की ओर इशारा करते हुए उन्हें गोमूत्र विशेषज्ञ कह दिया और तंज कसा कि इन्हें शिक्षा के बारे में क्या पता है। प्रियंका गांधी के इस बयान पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
अनुराग ठाकुर का गांधी परिवार पर तीखा हमला:
प्रियंका गांधी के इस बयान पर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बेहद आक्रामक अंदाज में पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और आईआईटी जैसे संस्थानों के निदेशकों का अपमान कर रहा है। अनुराग ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि गांधी परिवार की अगर सारी डिग्रियों को भी आपस में जोड़ लिया जाए, तो भी वे इस समिति में शामिल वैज्ञानिकों और तकनीकी विशेषज्ञों के बराबर नहीं बैठेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार भारत की परंपराओं और देश की वैज्ञानिक प्रगति का हमेशा मजाक उड़ाता है।
सदन में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस:
पेपर लीक रोकने के लिए बनाई गई इस समिति में इसरो के पूर्व अध्यक्ष और आईआईटी मद्रास के निदेशक सहित देश के कई बड़े नाम शामिल हैं। लोकसभा में दोनों युवा नेताओं के बीच हुई इस तीखी नोकझोंक के दौरान सदन में भारी हंगामा हुआ और दोनों पक्षों की तरफ से जमकर नारेबाजी की गई। भाजपा ने विपक्ष पर युवाओं के भविष्य से जुड़े बिल पर गंभीरता से चर्चा न करके केवल राजनीति करने का आरोप लगाया है।
