“कोरोना की याद दिलाकर जन समुदाय में भय का माहौल बनाया जा रहा है” — बृजेंद्र सिंह

ऐलनाबाद, मार्च (एम.पी. भार्गव)कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा सोमवार को अपने 177वें दिन डबवाली के बिश्नोई मंदिर से शुरू हुई। यहां मंदिर के प्रधान कुलदीप जादुदा ने कार्यकारिणी के साथ उनका स्वागत किया। यात्रा कॉलोनी रोड, गांधी चौक, भगत सिंह चौक, बठिंडा चौक, गांव डबवाली, जोगेवाला होते हुए गांव देशु जोधा में संपन्न हुई। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया और पार्टी के प्रति अपनी आस्था जताई।

यात्रा के दौरान गांव डबवाली में राजविंद्र सिंह बरार के आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में बृजेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोरोना की याद दिलाकर लोगों में भय का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री स्वयं कोरोना काल का उदाहरण देते हैं, तो स्वाभाविक रूप से लोगों के मन में उस कठिन दौर की यादें और आशंकाएं फिर से उभर आती हैं।

उन्होंने कहा कि COVID-19 का नाम सुनते ही लोगों के मन में डर बैठ जाता है, क्योंकि उस समय देश ने भारी पीड़ा झेली थी। लाखों लोगों ने अपने परिजनों को खोया, स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई और आमजन को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश पहले ही कई चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में लोगों को भरोसा देने की आवश्यकता है, न कि डर और भ्रम फैलाने की।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। “हमारा उद्देश्य देश में स्थिरता और विश्वास बनाए रखना है, लेकिन बीजेपी हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर सच्चाई से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।”

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल, मलकीत सिंह गंगा, वेदपाल दांगी, गजानंद सोनी, राजन मेहता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.