अमृतसर: भीख मांगने वालों पर सख्त कार्रवाई, डीएनए टेस्ट और रेस्क्यू ऑपरेशन में महिला व दो बच्चे गिरफ्तार

अमृतसर। शहर में बढ़ती भिक्षावृत्ति पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। डीसी अमृतसर के आदेश पर जिला बाल संरक्षण विभाग के नेतृत्व में गोल्डन गेट क्षेत्र में एक विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें दो बच्चों और एक महिला को भीख मांगते हुए पकड़ा गया।

इस अभियान में समाजसेवक हरमनप्रीत सिंह की अहम भूमिका रही। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं रोज सुबह छोटे बच्चों को ऑटो में लाकर उनसे जबरन भीख मंगवाती थीं। प्रशासन और समाजसेवकों के संयुक्त प्रयास से इस अवैध गतिविधि को रोकने के लिए कार्रवाई की गई।

जिला बाल शिक्षा अधिकारी तरनजीत सिंह ने जानकारी दी कि पकड़े गए बच्चों का टीकाकरण और मेडिकल परीक्षण कर उन्हें बाल कल्याण समिति को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत भीख मांगने वाले कई लोगों का डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बच्चों का इन महिलाओं से क्या संबंध है।

इसके साथ ही भिखारियों की पहचान उनके आधार कार्ड के माध्यम से की जा रही है, और उन्हें उनके वास्तविक निवास स्थान पर भेजने की सिफारिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के लिए प्रशासन पूरी सख्ती से कार्रवाई करता रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.