अमृतसर पुलिस को बड़ी कामयाबी – विदेशी हथियारों की खेप बरामद छेहरटा इलाके का अमित सिंह गिरफ्तार

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को सरहदी क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छेहरटा इलाके के गुरु की वडाली गांव निवासी अमित सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच ग्लॉक पिस्टल, चार मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई सरहद पार से हो रही हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ा झटका मानी जा रही है।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अमित सिंह पाकिस्तानी नशा तस्करों के संपर्क में था और पंजाब में शांति व सद्भावना को भंग करने के लिए हथियारों की खेप सप्लाई करता था। अमित सिंह का संपर्क गुरप्रीत सिंह उर्फ गिन्नी से था, जो खुद पाकिस्तान में बैठे तस्करों से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने खुलासा किया कि ये हथियार ड्रोन के जरिए भारत में भेजे जा रहे थे और अमित सिंह उन्हें प्राप्त कर आगे सप्लाई करता था।

मीडिया से बातचीत करते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि यह गिरफ्तारी अमृतसर पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। उन्होंने बताया कि आरोपी को उस समय काबू किया गया जब वह हथियारों की खेप आगे सप्लाई करने जा रहा था। आरोपी के खिलाफ छेहरटा पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

कमिश्नर भुल्लर ने आगे कहा कि आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा और उसका रिमांड लिया जाएगा ताकि उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा सकें। उन्होंने कहा कि इस गिरफ्तारी से और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है, जिससे पाकिस्तानी तस्करों के नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिलेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.