अमृतसर: ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। छह जून को होने वाले कार्यक्रमों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व कट्टरपंथियों के अमृतसर पहुंचने की संभावना के मद्देनजर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था अभेद बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने शहर में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया
बरसी से पहले अमृतसर पुलिस की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था कि कानून व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार शहर में 2500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा केंद्रीय सुरक्षा बलों की कंपनियां भी सुरक्षा प्रबंधों में सहयोग कर रही हैं।
सीसीटीवी कैमरों से हो रही निगरानी
शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष नाकेबंदी की गई है तथा आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक निगरानी उपकरणों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- थाना सैफनी: हत्या के अभियोग का सफल अनावरण करते हुए 3 वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं को ही सही मानें।
जानकारी के मुताबिक बरसी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अमृतसर पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार गश्त बढ़ाई गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि बरसी के दौरान सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।
