Amritsar Police: अमृतसर पुलिस की बड़ी सफलता; 5 घंटे के भीतर फायरिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह गिरफ्तार
अमृतसर पुलिस का त्वरित एक्शन: 5 घंटे के भीतर फायरिंग व लूट गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार, फिरौती मांगने वाला अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क बेनकाब
Amritsar Police News: अमृतसर में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसते हुए पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलताओं की जानकारी साझा की। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस टीमों ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए मात्र 5 घंटों के भीतर फायरिंग, लूटपाट और स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही विदेश (यूके) से चलाए जा रहे एक फिरौती (रंगदारी) नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया गया है।
Amritsar Police: 5 घंटे में पकड़ा गया 4 आरोपियों का गिरोह
पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल के अनुसार, शिवाला इलाके में कपड़ा व्यापारी विशाल भाटिया पर फायरिंग कर पैसों का बैग छीनने की कोशिश की गई थी, जिसमें व्यापारी घायल हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ ‘ए’ डिवीजन गुरविंदर कौर और उनकी टीम ने महज 5 घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल चारों आरोपियों—प्रिंस कुमार उर्फ मॉडल, गुरप्रिंस दीप, राहुल सिंह और दमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने इससे पहले भी ‘ए’ डिवीजन और चाटीविंड (अमृतसर देहाती) इलाके के पेट्रोल पंपों तथा मेडिकल स्टोर पर गनपॉइंट पर लूट और स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम दिया था।
Amritsar Police: यूके से चल रहा फर्जी फिरौती गिरोह बेनकाब
इसके अलावा डीसीपी सिटी जसकरण सिंह तेजा के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस ने फिरौती मांगने वाले एक अनोखे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यादविंदर नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जो एक कारोबारी पुनीत अग्रवाल के यहां काम करता था। यादविंदर स्थानीय व्यापारियों के मोबाइल नंबर यूके (UK) में बैठे युवराज नामक व्यक्ति को मुहैया कराता था। युवराज वहां से डोनी बल जैसे गैंगस्टरों के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारियों से 50 लाख रुपये तक की फिरौती मांगता था।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि इन आरोपियों का किसी असली गैंगस्टर नेटवर्क से सीधा संबंध नहीं है, बल्कि ये लोगों को डराकर पैसे ऐंठने वाले सिरफिरे और शातिर अपराधी हैं। विदेश में बैठे आरोपी युवराज पर शिकंजा कसने के लिए उसका भारतीय पासपोर्ट रद्द (Impound) कराने और प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने शहर के निवासियों और व्यापारी वर्ग से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की धमकी या फिरौती की कॉल आने पर बिल्कुल न डरें और तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बताया कि लोग आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस ऐसी शिकायतों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
UP Ranji Team Captain: आर्यन जुयाल को यूपी रणजी टीम का कप्तान चुने जाने पर मिल रही बधाइयां
