अमृतसर, 5 अगस्त। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने आज सुबह अमृतसर के शास्त्री नगर इलाके में एक इमिग्रेशन एजेंट के घर छापेमारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। यह कार्रवाई विशाल शर्मा नामक व्यक्ति के आवास पर की गई, जो रणजीत एवेन्यू क्षेत्र में इमिग्रेशन से जुड़ा कार्य करता है।
जानकारी के अनुसार, NIA की टीम ने सुबह-सुबह पहुंचकर विशाल शर्मा के घर दस्तावेजों की गहन छानबीन शुरू की। छापेमारी के दौरान घर के सदस्यों को बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई और क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और पूरे इलाके की घेराबंदी की गई।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रेड किस मामले में की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह किसी विशेष केस या संदिग्ध गतिविधि के संबंध में की गई कार्रवाई हो सकती है। NIA द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
छापेमारी के चलते शास्त्री नगर इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई है। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर जारी है और लोग मामले की गंभीरता को लेकर आशंकित हैं।
फिलहाल NIA द्वारा जांच जारी है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
