Amritsar Natyam Cafe Worm in Vada: अमृतसर के नाट्यम कैफे में वड़े के अंदर मिला कीड़ा, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
Amritsar Natyam Cafe Worm in Vada: अमृतसर शहर के पॉश इलाके मदन मोहन मालवीय रोड स्थित साउथ इंडियन ‘नाट्यम’ (Natyam) कैफे में परोसे गए खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां खाना खाने पहुंचे एक ग्राहक के वड़े के अंदर कथित तौर पर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहली बाइट लेते ही वड़े के अंदर दिखा कीड़ा
ग्राहक के अनुसार, वह कैफे में साउथ इंडियन खाना खाने पहुंचा था। ऑर्डर आने के बाद जैसे ही उसने वड़े की पहली बाइट ली, उसे उसके अंदर मरा हुआ कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद ग्राहक ने तुरंत कैफे प्रबंधन को मामले की जानकारी दी।
ग्राहक ने बनाया वीडियो, कैफे प्रबंधन ने मांगी माफी
ग्राहक ने वड़े में फंसे कथित कीड़े को दिखाते हुए मोबाइल कैमरे से वीडियो रिकॉर्ड किया। ग्राहक का दावा है कि शिकायत के बाद कैफे संचालक ने मौके पर गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और इसे अनजाने में हुई घटना बताया।
वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों पर उठे सवाल
लोकप्रिय कैफे में खाने के अंदर कथित तौर पर कीड़ा मिलने की घटना के बाद फूड सेफ्टी और हाइजीन मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब स्थानीय प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मामले का संज्ञान लिया जाता है या नहीं, इस पर नजर है।
