मीरजापुर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना का शुभारंभ, 60+ माताओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा

रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक माताओं-बहनों-बेटियों को एक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा

मीरजापुर:  रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की माताओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति’ योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया गया। योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी माताओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

रक्षाबंधन के मद्देनजर 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रदेश की परिवहन निगम की बसों में माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है।

मीरजापुर में योजना के शुभारंभ के अवसर पर राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा के ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में मौजूद माताओं-बहनों ने देखा और सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले आशीष पटेल, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, अध्यक्ष सहकारिता जगदीश सिंह पटेल और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी की ओर से करीब 500 माताओं और बहनों को साड़ी तथा मिठाई का डिब्बा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति के सम्मान और उनके सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मातृशक्ति को यह महत्वपूर्ण सौगात दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। इसी का परिणाम है कि महिलाएं आज प्रदेश में अधिक सुरक्षित माहौल में आवागमन कर पा रही हैं।

आशीष पटेल ने कहा कि 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की माताओं को इसके अलावा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार की योजनाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए समर्पित बताया।

विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि रक्षाबंधन पर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा से बहनों के लिए अपने भाइयों के घर जाकर राखी बांधना आसान होगा। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक निःशुल्क यात्रा के साथ 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की माताओं को आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दिया जाना सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय है।

विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि पिछले वर्ष निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा 24 घंटे के लिए थी, जबकि इस बार इसे बढ़ाकर तीन दिनों तक किया गया है। उन्होंने बताया कि गांवों तक परिवहन सुविधा पहुंचाने के लिए 500 नई बसों की खरीद की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की माताओं और बहनों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

अध्यक्ष सहकारिता जगदीश सिंह पटेल ने कहा कि मातृशक्ति समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने कहा कि सरकार माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, प्रदेश उपाध्यक्ष आईटी मंच दुर्गेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इनमें परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, उप निदेशक कृषि विकेश पटेल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.