कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा का लखीसराय आगमन पर भव्य स्वागत, जनकल्याण संवाद में सुनीं जनता की समस्याएँ

लखीसराय(सरफराज आलम)नई सरकार में कैबिनेट विस्तार के उपरांत बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के लखीसराय आगमन पर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।

लखीसराय आगमन के क्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बड़हिया पहुंचकर प्रसिद्ध माँ बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके उपरांत लखीसराय पहुंचकर इंद्रदमनेश्वर महादेव मन्दिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों के मंगलमय जीवन हेतु प्रार्थना की।

तत्पश्चात लखीसराय विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित “जन कल्याण संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने क्षेत्र से आए जनता-जनार्दन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित निष्पादन एवं समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रधान कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि, “जनता का यह स्नेह, विश्वास एवं आशीर्वाद ही जनसेवा के पथ पर निरंतर कार्य करने की सबसे बड़ी प्रेरणा एवं ताक़त है। राज्य सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि, “विजय कुमार सिन्हा जी के नेतृत्व में लखीसराय सहित पूरे बिहार में विकास एवं जनसेवा की नई गति स्थापित होगी। भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।”

वहीं जिला प्रभारी श्री संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि, “भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित एवं जनहित के लिए समर्पित है। संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।”
विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में लखीसराय संगठन और अधिक सशक्त होकर जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला इकाई के महामंत्री अमरजीत प्रजापति, प्रमोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिंह, हिमांशु कुमार,संजय कुमार सिंह, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, सभी मंडल अध्यक्ष सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनता जनार्दन उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.