- रिपोर्ट: सरफ़राज़ आलम
लखीसराय! लखीसराय जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र में रविवार को ससुराल आए युवक को अज्ञात अपराधियों ने किउल नदी किनारे गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान झाझा निवासी महावीर प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र ओमप्रकाश कुमार उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश को ससुराल के ही एक व्यक्ति ने फोन कर बुलाया था और किउल नदी के किनारे ले जाया गया, जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसकी पीठ में गोली मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही तेतरहाट और कबैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।जानकारी के मुताबिक घायल युवक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है!
