भूसा लदा ट्रैक्टर पलटा, आग लगने से चालक की दर्दनाक मौत, तीन घायल

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ अजीत पाण्डेय

सोनभद्र (बभनी)। जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के शीश टोला जंगल में गुरुवार शाम लगभग 7 बजे भूसा लदा ट्रैक्टर पलटने से भीषण हादसा हो गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक भीम सिंह, निवासी नादिरा गांव, ट्रैक्टर के नीचे दबकर जिंदा जल गया, जबकि ट्रैक्टर में सवार तीन लोग घायल हो गए। बताया गया कि अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया, जिसे बचाने की कोशिश में यह हादसा हो गया। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें आग लग गई और चालक बाहर नहीं निकल सका। वहीं अन्य तीन लोग दूर जा गिरे जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक बभनी कमलेश पाल पुलिस टीम के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। घायलों को बभनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बैटरी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई गई है। ट्रैक्टर अटल बिहारी पुत्र रामआधार गुप्ता, निवासी नादिरा के नाम से पंजीकृत है। मृतक के पिता लक्षनधारी की तहरीर पर पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.