मोदीनगर। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गोविंदपुरी मेन मार्केट में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अचानक सर्राफा व्यापारी की दुकान में घुसा और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने व्यापारी गिरधारी लाल सोनी पर लगातार पांच वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आरोपी को काबू में कर लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में गिरधारी लाल सोनी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले को लेकर बाजार के व्यापारियों में रोष व्याप्त है, वहीं पुलिस जांच में जुटी हुई है।
