महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज, मोदीनगर में हाउस सेरेमनी का हुआ भव्य आयोजन

मोदीनगर। महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज, गोविंदपुरी मोदीनगर में आज दिनांक 18 सितंबर 2025 को वार्षिक हाउस सेरेमनी बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर कक्षा 12 ‘ए’ के छात्र आयुष कुमार को विद्यालय का हेड बॉय नियुक्त किया गया। साथ ही विद्यालय के चारों हाउस — आर्यभट्ट हाउस, भाभा हाउस, कलम हाउस और रमन हाउस के कप्तान एवं वाइस कैप्टन को पदस्थापित किया गया। इसके अतिरिक्त, विद्यालय अनुशासन और संचालन को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक हाउस से 10-10 परफेक्ट्स का चयन किया गया, जिन्होंने शपथ लेकर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मोदीनगर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद वैशाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन और सामूहिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि जीवन के हर पहलू में सफलता की राह दिखाते हैं।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अंशु सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये जिम्मेदारियाँ केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि विद्यालय के आदर्श मूल्यों को आगे बढ़ाने का दायित्व भी हैं। मंच संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता रवि भूषण गौतम ने किया।

समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.