- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
रामपुर, चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से लावारिस अवस्था में मिला 10 वर्षीय बालक सकुशल अपने परिजनों से मिल गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ईरा आर्या ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को थाना शाहबाद से चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर को सूचना प्राप्त हुई कि गश्त के दौरान रम्पुरा बाजार में लगभग 10 वर्षीय एक बालक लावारिस अवस्था में घूमता हुआ मिला है। सूचना मिलते ही जिला समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन निजामुद्दीन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
चाइल्ड हेल्पलाइन टीम थाना शाहबाद पहुंची और बालक से पूछताछ की। इसके बाद थाना शाहबाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई हेतु बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द कर दिया। टीम द्वारा बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय लाकर उसकी काउंसलिंग की गई, लेकिन प्रारंभिक पूछताछ में वह अपने बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।

लगातार काउंसलिंग के बाद टीम ने मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित थाना राजीव नगर से संपर्क स्थापित किया। पुलिस के सहयोग से बालक की माता विमलेश से संपर्क हुआ। उन्होंने बताया कि बालक का नाम मिंगलेश सिंह पुत्र धीर सिंह, निवासी नया बसेरा, कोटरा सुल्तानाबाद, हुजूर, भोपाल (मध्य प्रदेश) है तथा वह अपनी चाची के साथ मुरादाबाद में रह रहा था। इस बीच बालक को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति ने आदेश दिया कि परिजनों के उपस्थित होने तक बालक को जिला समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन के संरक्षण एवं देखरेख में सुरक्षित रखा जाए। 20 जुलाई 2026 को बालक की माता विमलेश एवं चाची काजल बाल कल्याण समिति के समक्ष उपस्थित हुईं। आवश्यक सत्यापन एवं औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद समिति के आदेशानुसार बालक मिंगलेश सिंह की सुपुर्दगी उसकी माता एवं चाची को सौंप दी गई।
बालक की माता विमलेश ने चाइल्ड हेल्पलाइन रामपुर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चाइल्ड हेल्पलाइन की सक्रियता और सहयोग से ही उनका बच्चा सकुशल वापस मिल सका। उन्होंने कहा कि यदि चाइल्ड हेल्पलाइन का सहयोग नहीं मिलता तो बच्चे तक पहुंचना अत्यंत कठिन होता।
