कंगना रनौत पर आपत्तिजनक-टिप्पणी मामले में महिला आयोग ने निर्वाचन-आयुक्‍त को लिखा पत्र, कड़ी कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली। राष्‍ट्रीय महिला आयोग ने अभिनेत्री कंगना रनौत पर कथित आपत्तिजनक टिप्‍पणियों के मामले में निर्वाचन आयोग से कांग्रेस प्रवक्‍ता सुप्रिया श्रीनेत और पार्टी के नेता एच. एस. अहीर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है। महिला आयोग की अध्‍यक्ष रेखा शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट में कहा गया है कि उन्होंने इस सिलसिले में निर्वाचन-आयुक्‍त को पत्र लिखा है।

यह भी कहा गया है कि राष्‍ट्रीय महिला आयोग उन दोनों नेताओं के अभद्र आचरण से स्‍तब्‍ध है, जिन्‍होंने सोशल मीडिया पर कंगना रनौत के बारे में भद्दी और अपमानजनक टिप्‍पणियां की। महिला आयोग की अध्‍यक्ष ने कहा है कि इस तरह का व्‍यवहार असहनीय है और महिलाओं के सम्‍मान के खिलाफ है। अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्‍याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं।

इस बीच, विवाद खड़ा होने पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने स्‍पष्टीकरण जारी करके कहा कि उनके फेसबुक और इंस्‍टाग्राम खातों तक बहुत से लोगों की पहुंच है। उन्‍होंने उक्‍त सोशल मीडिया पोस्‍ट हटा देने की जानकारी दी, जिसको लेकर विवाद है।

कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत को जवाब दिया 
कंगना रनौत ने ट्वीट करते हुए लिखा, “प्रिय सुप्रिया जी, एक कलाकार के रूप में अपने करियर के पिछले 20 वर्षों में मैंने हर तरह की महिलाओं का किरदार निभाया है। क्वीन में एक भोली-भाली लड़की से लेकर धाकड़ में एक आकर्षक जासूस तक, मणिकर्णिका में एक देवी से लेकर चंद्रमुखी फिल्म में एक राक्षस तक, रज्जो में एक वेश्या से लेकर थलाइवी में एक क्रांतिकारी नेता तक। हमें अपनी बेटियों को पूर्वाग्रहों के बंधनों से मुक्त करना चाहिए, हमें उनके शरीर के अंगों के बारे में जिज्ञासा से ऊपर उठना चाहिए और सबसे ऊपर, हमें यौनकर्मियों के चुनौतीपूर्ण जीवन या परिस्थितियों को किसी प्रकार के दुर्व्यवहार या अपमान के रूप में उपयोग करने से बचना चाहिए… हर महिला अपनी गरिमा की हकदार है…”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.