Road Accident: मुरादाबाद में रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, रामपुर की महिला की मौके पर मौत
Moradabad Road Accident: दिल्ली-लखनऊ हाईवे-24 पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रामपुर निवासी 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। दंपती शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मूंढापांडे थाना क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, रामपुर निवासी राजीव सक्सेना मुरादाबाद के प्रधान डाकघर में कार्यरत हैं। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह अपनी 55 वर्षीय पत्नी राधा सक्सेना के साथ एक शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
जब दंपती दिल्ली-लखनऊ हाईवे-24 पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र में हरियाणा-पंजाब ढाबे के सामने पहुंचे, तभी सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि डंपर की एक ही लाइट जल रही थी, जिसके कारण बाइक सवार दंपती को उसकी सही स्थिति और दूरी का अंदाजा नहीं लग सका।
हादसे में पत्नी की मौत, पति मामूली घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राधा सक्सेना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति राजीव सक्सेना को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल रामपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने राधा सक्सेना को मृत घोषित कर दिया।
डंपर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की गई। वहीं, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
