Rohit Sharma Returns: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान किया है। टीम के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को इसकी आधिकारिक घोषणा की। आईपीएल का 20वां सीजन मुंबई इंडियंस के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है और इस खास मौके पर रोहित शर्मा की कप्तान के रूप में वापसी ने प्रशंसकों का उत्साह बढ़ा दिया है।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने जीते पांच IPL खिताब
रोहित शर्मा साल 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। उन्होंने 2013 से 2023 तक टीम की कप्तानी की। इस दौरान उनकी अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।
मुंबई इंडियंस ने रोहित की कप्तानी में 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीता था। युवा खिलाड़ियों को मौका देने, टीम को एकजुट रखने और दबाव में बेहतर प्रदर्शन कराने की उनकी क्षमता ने उन्हें फ्रेंचाइजी के सबसे सफल कप्तानों में शामिल किया।
नीता अंबानी बोलीं- 20वें सीजन में रोहित की वापसी बेहद खास
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी ने रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि टीम के 20वें सीजन में रोहित को दोबारा कमान संभालते देखना सभी के लिए बेहद खास है।
उन्होंने कहा कि रोहित के साथ मुंबई इंडियंस का सफर कई यादगार पलों से भरा रहा है। उम्मीद है कि यह नया अध्याय टीम और करोड़ों प्रशंसकों को गर्व करने के और भी मौके देगा।
यह भी पढ़ें- लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी को कैबिनेट की मंजूरी, 543 से बढ़कर 815 होंगी सीटें; महिलाओं को मिल सकता है आरक्षण
आकाश अंबानी ने रोहित के अनुभव और नेतृत्व पर जताया भरोसा
आकाश अंबानी ने कहा कि मुंबई इंडियंस और उसके प्रशंसकों के साथ रोहित शर्मा का रिश्ता बेहद खास है। उनके अनुभव और नेतृत्व को लेकर टीम उत्साहित है। फ्रेंचाइजी ऐसा क्रिकेट खेलना चाहती है, जिस पर प्रशंसकों को गर्व हो।
कप्तानी मिलने पर क्या बोले रोहित शर्मा?
मुंबई इंडियंस की कप्तानी में वापसी पर रोहित शर्मा ने कहा कि यह टीम उनके जीवन का अहम हिस्सा रही है और इसकी कप्तानी करना हमेशा गर्व की बात रही है।
उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि टीम मिलकर बहुत कुछ हासिल कर सकती है। आईपीएल 2027 और आने वाली चुनौतियों के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं। टीम का फोकस अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एकजुट होकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर रहेगा।
