Red Warning Labels: पैकेटबंद जंक फूड पर लगेगा लाल चेतावनी निशान, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश; चिप्स-बिस्कुट और कोल्ड ड्रिंक पर पड़ेगा असर

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

Red Warning Labels On Junk Food: पैकेटबंद खाद्य पदार्थों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा निर्देश दिया है। अब ज्यादा फैट, शुगर और नमक वाले खाद्य उत्पादों के पैकेट पर अलग-अलग चेतावनी निशान लगाने होंगे। इन निशानों पर स्पष्ट रूप से ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ और ‘HIGH SALT’ लिखा होगा, ताकि ग्राहक सामान खरीदते समय उसकी पोषण संबंधी जानकारी आसानी से समझ सकें।

जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया है कि प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी निशान होना चाहिए। एक ही संयुक्त निशान लगाकर खानापूर्ति नहीं की जा सकेगी।

हर पोषक तत्व के लिए अलग लाल षट्कोण निशान

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, जिन पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में निर्धारित सीमा से अधिक फैट, शुगर या नमक होगा, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी निशान लगाए जाएंगे। इसके लिए लाल रंग के षट्कोण (Hexagon) का इस्तेमाल किया जाएगा।

SGPC Sikh Jatha: पाकिस्तान गए सिख जत्थे में अमृतसर के श्रद्धालु के लापता होने की खबर निकली अफवाह, बेटे ने बताया- पिता पूरी तरह सुरक्षित

अगर किसी उत्पाद में शुगर और नमक दोनों की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक है, तो उस पर दोनों के लिए अलग-अलग चेतावनी निशान लगाने होंगे। इसी तरह फैट, शुगर और नमक तीनों की मात्रा अधिक होने पर तीन अलग निशान दिखाई देंगे।

‘Added Sugar’ नहीं, ‘Total Sugar’ बनेगा आधार

कोर्ट ने FSSAI को पोषक तत्वों की सीमा निर्धारित करते समय कुछ अहम बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। अब ‘Added Sugar’ के बजाय ‘Total Sugar’ और ‘Added Fat’ के बजाय ‘Saturated Fat’ को आधार बनाया जाएगा। नमक की मात्रा को भी निर्धारित मानकों के अनुसार जांचा जाएगा।

इसका उद्देश्य खाद्य उत्पादों में मौजूद पोषक तत्वों की वास्तविक स्थिति को उपभोक्ताओं के सामने स्पष्ट करना है।

FSSAI को चार महीने में तैयार करने होंगे नियम

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को नई लेबलिंग व्यवस्था से संबंधित नियम तैयार करने के लिए चार महीने का समय दिया है। नियमों को अंतिम रूप दिए जाने और अधिसूचित किए जाने के बाद खाद्य कंपनियों को नए पैकेजिंग मानकों का पालन करने के लिए 365 दिन यानी एक साल का समय मिलेगा।

इसका मतलब है कि नए चेतावनी निशान का नियम तुरंत सभी पैकेटों पर लागू नहीं होगा, बल्कि पहले नियामक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चिप्स, बिस्कुट और कोल्ड ड्रिंक पर पड़ेगा असर

इस फैसले का असर पैकेटबंद खाद्य पदार्थ बनाने वाली कंपनियों पर पड़ेगा। चिप्स, बिस्कुट, नमकीन, मीठे पेय पदार्थ और अन्य पैकेज्ड फूड उत्पादों पर पोषण संबंधी चेतावनी अधिक स्पष्ट रूप से दिखाई देगी।

सुप्रीम कोर्ट ने उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य, सही जानकारी पाने और सोच-समझकर खाद्य पदार्थ चुनने के अधिकार को महत्वपूर्ण बताया है। नई व्यवस्था से ग्राहक किसी उत्पाद को खरीदने से पहले उसमें मौजूद अधिक फैट, शुगर और नमक की मात्रा के बारे में आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.