Ganga Expressway: अनधिकृत बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8 बसों के चालान; नशे में ड्राइविंग पर भी शिकंजा

Ganga Expressway Checking Drive Badaun: गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं परिवहन निगम की संयुक्त टीम ने करनपुर टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 8 बसों के चालान किए गए, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले में 2 चालकों के खिलाफ ड्रंकन ड्राइविंग के तहत कार्रवाई की गई।

करनपुर टोल प्लाजा पर तीन विभागों की संयुक्त कार्रवाई

अभियान में यूपीडा गंगा एक्सप्रेसवे के मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईपीएस ए.के. विजेता, बदायूं के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील कुमार, परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश पाठक, यातायात निरीक्षक मनोज कुमार और यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, आम नागरिक में निहित: सीएम योगी

परमिट और सुरक्षा मानकों की हुई जांच, 8 बसों पर कार्रवाई

संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान एक्सप्रेसवे से गुजरने वाली बसों के परमिट और निर्धारित सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की गई। इस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली 8 बसों के चालान किए गए। अधिकारियों ने बस संचालकों और चालकों को सभी जरूरी दस्तावेज एवं सुरक्षा मानक पूरे रखने के निर्देश दिए।

नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा

अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन संचालित करने के मामलों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम ने ड्रंकन ड्राइविंग के दो चालान किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाना यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा है।

यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं, आगे भी जारी रहेगा अभियान

अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनधिकृत और नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ आगे भी संयुक्त चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.