Khadi Mahotsav 2026: मीरजापुर खादी महोत्सव में आठवें दिन उमड़ी खरीदारों की भीड़, 45 लाख रुपये से अधिक की बिक्री
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Mirzapur Khadi Mahotsav 2026: उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी ‘खादी महोत्सव 2026-27’ में आठवें दिन भी खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, इस दिन प्रदर्शनी में 45 लाख रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई। प्रदर्शनी में स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों का उत्साह नजर आया।
गर्म कपड़ों और ऊनी वस्त्रों की खरीदारी में तेजी
ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदर्शनी में गर्म कपड़ों, ऊनी वस्त्रों और सर्दी से बचाव के उत्पादों की मांग बढ़ गई है। ग्राहकों ने इन वस्तुओं की जमकर खरीदारी की। वहीं महिलाओं ने पर्स, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की आकर्षक वस्तुओं में रुचि दिखाई।
ओट्स और मक्का के बिस्कुट भी बने आकर्षण
प्रदर्शनी में विभिन्न जनपदों से पहुंचे उद्यमियों और कारीगरों के उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। स्वनिर्मित खाद्य उत्पादों में बिस्कुट की अच्छी मांग रही। खासतौर पर ओट्स और मक्का से तैयार बिस्कुटों की खरीदारी करते हुए ग्राहक नजर आए। ग्रामीण उद्यमियों की ओर से तैयार खाद्य सामग्री और हस्तनिर्मित उत्पादों को भी लोगों की सराहना मिल रही है।

कजरी गीत और नुक्कड़ नाटक ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत शैला श्रीवास्तव ने कजरी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति से कार्यक्रम में लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली।
वहीं सहयोग संस्थान, मीरजापुर की ओर से बालिका शिक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से बेटियों को शिक्षा दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया और लोगों को बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
ग्रामीण कारीगरों और छोटे उद्यमियों को मिल रहा मंच
प्रदर्शनी ग्रामीण कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री का अवसर उपलब्ध करा रही है। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी में बढ़ती भीड़ और बिक्री से स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ रहा है।
खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के माध्यम से स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को प्रोत्साहन मिल रहा है। यह आयोजन स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
- प्रेषक: अमितेश कुमार सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, मीरजापुर।
