Pargat Singh: “ईस्ट इंडिया कंपनी” बताकर ‘आप’ और भाजपा पर प्रगट सिंह का तीखा हमला, बोले- पहले लूटने ‘बी-टीम’ आई, अब ‘ए-टीम’ खुद आ रही है

​दिल्ली के 'धाड़वी गैंग' को पंजाब से खदेड़ने का ऐलान, कांग्रेस की सरकार बनने पर घसीटकर वापस लाने और जवाबदेही तय करने की चेतावनी

Pargat Singh’s Attack On AAP: पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब प्रधान प्रगट सिंह ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल पर चौतरफा हमला बोला है। मीडिया से रूबरू होते हुए प्रगट सिंह ने वर्तमान शासन को ‘तानाशाही’ करार दिया और आरोप लगाया कि देश व प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान को तहस-नहस किया जा रहा है।

​’ईस्ट इंडिया कंपनी’ से की सरकार की तुलना

प्रगट सिंह ने आम आदमी पार्टी की तुलना ‘ईस्ट इंडिया कंपनी’ से करते हुए इसे भाजपा की ‘बी-टीम’ बताया। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब को लूटने के लिए भाजपा ने अपनी ‘बी-टीम’ (आप) को भेजा था, लेकिन जब उन्हें लगा कि पंजाब की जनता अब पूरी तरह से कांग्रेस की ओर लौट रही है, तो बचा-खुचा काम पूरा करने के लिए अब ‘ए-टीम’ (भाजपा) खुद सीधे मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि ये लोग नफरत और ‘धाड़वी’ मानसिकता के साथ पंजाब को कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं, जिसका कांग्रेस मुंहतोड़ जवाब देगी।

Electoral Roll Campaign 2026: मतदाता सूची में युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए घर-घर दस्तक देंगी आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियां

​मोगा रैली और शीर्ष अधिकारियों पर गंभीर आरोप

मोगा में आयोजित सरकारी रैली पर निशाना साधते हुए प्रगट सिंह ने इसे ‘निरा झूठ का पुलिंदा’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली से पहले विभिन्न संगठनों, विशेषकर ट्रांसपोर्ट और शिक्षक यूनियनों के नेताओं को नजरबंद कर दिया गया, जो संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। सबसे गंभीर आरोप राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों पर लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि संविधान की शपथ लेकर उच्च पदों पर बैठने वाले डीजीपी और मुख्य सचिव इस रैली की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। इससे समाज और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बड़ा नुकसान पहुंच रहा है।

​सुखबीर बादल के पुराने बयान की दिलाई याद

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधते हुए प्रगट सिंह ने कहा कि अकाली दल ही भाजपा को पंजाब में वापस लाने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने 750 किसानों की शहादत का जिक्र करते हुए कहा कि तब से अब तक ऐसा क्या बदल गया है? उन्होंने सुखबीर बादल के ही पुराने बयान का हवाला देते हुए तंज कसा कि सुखबीर ने खुद कहा था कि जो लोग भाजपा या आरएसएस के साथ जाएंगे, उनका डीएनए चेक कराना पड़ेगा। प्रगट सिंह ने कहा कि अब खुद सुखबीर बादल का डीएनए चेक कराने की जरूरत आ गई है।

​मीडिया की आजादी और इंडिया ब्लॉक पर स्पष्ट रुख

केंद्र और राज्य सरकार पर अघोषित तानाशाही का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि आज मीडिया की आवाज दबाने के लिए उन पर कॉपीराइट स्ट्राइक मारी जा रही है और उनके सोशल मीडिया पेज बंद करवाए जा रहे हैं। वहीं, सीपीआई या अन्य दलों के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ‘इंडिया ब्लॉक’ के अपने सभी सहयोगी दलों के साथ मिलकर यह लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्तिगत लाभ की नहीं, बल्कि देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे और विचारधारा को बचाने की लड़ाई है।

​सत्ता में आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

प्रगट सिंह ने अपनी बात के अंत में कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि यह सिर्फ जांच तक सीमित रहने वाला मामला नहीं है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि समय आने पर दिल्ली के इस ‘धाड़वी गैंग’ को पहले पंजाब से खदेड़ा जाएगा और फिर कानून के दायरे में लाकर दिल्ली से घसीटते हुए वापस पंजाब लाकर इनके हर कृत्य का हिसाब लिया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.