Sirsa Police: नशा तस्करों के घरों तक पहुंची पुलिस, रोड़ी और डिंग में चार घंटे चला सर्च अभियान; छह टीमों ने खंगाले संदिग्ध ठिकाने
Sirsa Police Drug Smuggling Campaign (डॉ. एमपी भार्गव): सिरसा जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए गांवों में विशेष सर्च अभियान चलाया। शनिवार को रोड़ी थाना क्षेत्र के गांव करूंगावाली, मतड़ और मलड़ी के अलावा डिंग में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध लोगों के घरों और ठिकानों की तलाशी ली। करीब चार घंटे तक चले इस अभियान में पुलिस की छह टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए जांच-पड़ताल की।
अभियान दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलाया गया। पुलिस की टीमों ने नशा तस्करी में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों को खंगाला और क्षेत्र में सक्रिय रहकर निगरानी की। पुलिस का उद्देश्य नशे के कारोबार पर अंकुश लगाना और तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
नशा तस्करों के खिलाफ नहीं बरती जाएगी नरमी: एसपी
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि नशे का कारोबार कर युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ पुलिस किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगी। जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। जहां भी नशा तस्करी की सूचना मिलती है, वहां पुलिस टीमें तत्काल कार्रवाई के लिए पहुंचती हैं। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग और सर्च अभियान जारी रहेंगे।

ग्रामीण नशा तस्करी की सूचना पुलिस को दें
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव या आसपास के क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा सप्लाई की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की मदद को प्राथमिकता दी जाएगी और शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समाज से अलग करने के बजाय उन्हें सही रास्ते पर लाने की जरूरत है। ऐसे युवाओं के इलाज और पुनर्वास के लिए प्रशासन के सहयोग से प्रयास किए जाएंगे।
एसपी दीपक सहारन ने स्पष्ट कहा कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर सिरसा में पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
