Rampur Cyber Police: रामपुर साइबर पुलिस ने पीड़िता को वापस दिलाए 49 हजार रुपये, मुख्यमंत्री योजना के नाम पर हुई थी 10.90 लाख की ठगी
Rampur Cyber Police Recovers Defrauded Funds: साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक पीड़िता को 49 हजार रुपये की धनराशि वापस दिलाई है। पीड़िता के साथ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के नाम का इस्तेमाल कर मुख्यमंत्री योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर 10 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में पुलिस पहले भी 1 लाख 90 हजार रुपये वापस करा चुकी है। अब ताजा कार्रवाई के बाद पीड़िता को कुल 2 लाख 39 हजार रुपये वापस मिल चुके हैं।
Rampur Cyber Police: मुख्यमंत्री योजना में मकान दिलाने का झांसा देकर की थी ठगी
पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगों ने पीड़िता को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के नाम से फर्जी कॉल किया था। कॉल करने वालों ने मुख्यमंत्री योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर 2 जुलाई 2026 से 20 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग तरीके से कुल 10,90,000 रुपये की साइबर धोखाधड़ी की।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सिविल लाइंस में मुकदमा अपराध संख्या 327/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
Rampur Cyber Police: साइबर क्राइम टीम ने वापस कराए 49 हजार रुपये
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह और साइबर अपराध के नोडल अधिकारी अभिषेक श्रीवास्तव के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से धोखाधड़ी की गई धनराशि में से 49,000 रुपये पीड़िता के बैंक खाते में वापस कराए।
Rampur Cyber Police: अब तक कुल 2.39 लाख रुपये की धनराशि वापस
पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले भी साइबर क्राइम थाना रामपुर की टीम 1,90,000 रुपये वापस करा चुकी थी। अब 49,000 रुपये की नई धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़िता को कुल 2,39,000 रुपये वापस कराए जा चुके हैं।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़िता ने रामपुर साइबर क्राइम पुलिस टीम का आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को राहत मिली है।
