Sonbhadra: जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

• सांस्कृतिक महोत्सव में कर्मा, मृदंग, डोमकच और झूमर की टीमों ने दी प्रस्तुति

  • रिपोर्ट: अजीत पाण्डेय

बभनी(सोनभद्र)। सेवा समर्पण संस्थान की ओर से आयोजित जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव में जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपरा और इतिहास को याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के संगठन मंत्री आनंदजी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध जनजातीय समाज को एकजुट किया। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से 75 वर्षों से जनजातीय समाज की पूजा पद्धति, साहित्य, संस्कृति और लोककला के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

• जनजातीय लोककलाओं की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्य वक्ता बीरबल सिंह ने लोक संस्कृति, कला और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। महोत्सव में कर्मा की 13, मृदंग की पांच, डोमकच की तीन और झूमर की चार टीमों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री शारदा सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह गोंड, सेवा समर्पण संस्थान के जिला उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह खरवार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। अध्यक्षता देवनारायण सिंह खरवार ने की तथा संचालन रामप्रकाश पांडेय और अमरदेव पांडेय ने किया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.