Sonbhadra: शिक्षक संकुल बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता पर मंथन, शतरंज के जिला स्तरीय विजेता छात्रों का हुआ सम्मान

• शिवम ने शतरंज में हासिल किया प्रथम स्थान, संदीप कुमार बने उपविजेता; मेडल देकर बढ़ाया गया उत्साह

घोरावल(सोनभद्र)। बिसरेखी न्याय पंचायत की शिक्षक संकुल बैठक बीआरसी घोरावल के सभागार में खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पटेल के नेतृत्व एवं निर्देशन में संपन्न हुई। बैठक में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट शैक्षिक गतिविधियों, वार्षिक शैक्षिक कैलेंडर, अर्धवार्षिक परीक्षा, होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड, निपुण लक्ष्य ऐप एवं यू-डायस प्लस पोर्टल पर सूचनाओं के अद्यतन सहित विभिन्न विभागीय बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय घोरावल के सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार सिंह ने भूकंप विषय पर आकर्षक टीएलएम का प्रस्तुतिकरण किया। बैठक में शिक्षकों को नवाचार एवं बेहतर शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

• शतरंज में चमके विद्यार्थियों को मेडल देकर किया सम्मानित बैठक का विशेष आकर्षण जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में मान्यवर कांशीराम कंपोजिट विद्यालय के विद्यार्थियों की उपलब्धि रही। कक्षा पांच के छात्र शिवम ने प्राथमिक संवर्ग में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संदीप कुमार ने जूनियर संवर्ग में द्वितीय स्थान हासिल कर उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। दोनों विद्यार्थियों को खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पटेल एवं एआरपी विज्ञान अनिल कुमार प्रजापति ने मेडल देकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानाध्यापक शशांक कुमार सिंह, शशांक कुमार पांडेय एवं विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया गया। बैठक का संचालन नोडल संकुल एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अशोक सन्यासी ने शिक्षक संकुल कलीम, आयुष मिश्रा और तबरेज आलम के सहयोग से किया। इस अवसर पर सरिता, अनामिका, हसनैन अली सहित न्याय पंचायत के पांचों संकुलों के शिक्षक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.