Drug Smuggling Network: अमृतसर में आतंकी और ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, NATO मार्किंग वाला RPG बरामद; नाबालिग भी गिरफ्तार
Amritsar Drug Smuggling Network: पंजाब के अमृतसर में देहाती पुलिस ने सीमा पार से संचालित आतंकी और नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक घातक एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्चर (RPG), दो आधुनिक ग्लॉक पिस्तौल, 106 जिंदा कारतूस और करोड़ों रुपये की नशीली खेप बरामद की है। बरामद हथियार पर NATO 22 की मार्किंग मिली है। इस कार्रवाई में एक नाबालिग समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आईजी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एसएसपी अमृतसर देहाती कवलप्रीत सिंह चाहल ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के सहयोग से की गई। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क के जरिए पंजाब में हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही थी।
Arms Smuggling: अमृतसर में हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 14 अवैध पिस्टल के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार
Drug Smuggling Network: NATO मार्किंग वाला घातक RPG बरामद, बड़े हमले की साजिश नाकाम
पुलिस के मुताबिक, विशेष अभियान के दौरान एक अत्याधुनिक एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्चर (RPG) बरामद किया गया है, जिस पर NATO 22 की मार्किंग है। इस तरह के हथियार का इस्तेमाल टैंक और बख्तरबंद वाहनों को निशाना बनाने के लिए किया जाता है।

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं। पुलिस को आशंका है कि इस हथियार का इस्तेमाल सीमावर्ती पंजाब में किसी बड़ी आतंकी या विध्वंसक वारदात को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था।
इस मामले में थाना घरिंडा क्षेत्र से गुरकृपाल सिंह निवासी चीचा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार पाकिस्तान से किस माध्यम से भेजा गया और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी।
Drug Smuggling Network: 7 किलो से अधिक हेरोइन, 2.5 किलो आइस और अफीम बरामद
हथियारों की बरामदगी के साथ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग ऑपरेशन में 7 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, करीब 2 किलो 510 ग्राम सिंथेटिक ड्रग्स (आइस) और 5 किलोग्राम अफीम जब्त की गई है।
इस मामले में 41 वर्षीय बलकार सिंह निवासी कोटली दुसांदी, अजनाला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का घर और जमीन भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक है। वह कथित तौर पर पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थों की खेप मंगवाता था।
जांच में सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी का नेटवर्क भी सामने आया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हेरोइन के साथ-साथ लैब में तैयार होने वाली मेथामफेटामाइन (आइस) की सप्लाई बढ़ाने की कोशिश की जा रही थी।
Drug Smuggling Network: ड्रोन से भेजी जा रही थी नशे की खेप, GPS ट्रैकर भी मिला
पुलिस ने तस्करी के इस नेटवर्क से एक अत्याधुनिक GPS ट्रैकिंग डिवाइस भी बरामद किया है। अधिकारियों के अनुसार, सीमा पार बैठे हैंडलर्स ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की खेप भेजने के बाद उसकी सही लोकेशन पता लगाने के लिए ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं।
घनी फसलों और अंधेरे वाले इलाकों में ड्रोन से गिराई गई खेप को खोजने में GPS ट्रैकर मददगार होता है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड और मैसेज की जांच की जा रही है, ताकि सीमा पार बैठे हैंडलर्स और स्थानीय तस्करों के बीच संबंधों का पता लगाया जा सके।
Drug Smuggling Network: युवाओं और नाबालिगों को जाल में फंसा रहे पाकिस्तानी हैंडलर्स
आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर और एसएसपी कवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि सीमा पार बैठे तस्कर स्थानीय युवाओं को पैसों का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल कर रहे हैं। इस गिरोह में 18 से 19 वर्ष के युवाओं के साथ नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य मुख्य फाइनेंसरों, पाकिस्तानी हैंडलर्स और फरार आरोपियों तक पहुंचना है।
Drug Smuggling Network: कई पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से चलाया ऑपरेशन
एसएसपी कवलप्रीत सिंह चाहल के नेतृत्व में एसपी (डी) रमनदीप सिंह, डीएसपी (डी) गुरिंदर नागरा, डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह, डीएसपी राजासांसी जगबीर सिंह और विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस अभियान में थाना भिंडी सैदां, घरिंडा, लोपोके और सीआईए की टीमों ने भी सहयोग किया। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस की जांच जारी है।

[…] […]