Constitution Dialogue Programme: संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के प्रति किया गया जागरूक
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Mirzapur Constitution Dialogue Programme: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मिर्जापुर की ओर से संचालित संविधान संवाद कार्यक्रम के तहत डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और उसमें निहित मूल्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान सभा के योगदान तथा संविधान की प्रस्तावना के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संविधान के मूलभूत आदर्शों को समझाते हुए कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रत्येक नागरिक की गरिमा का आधार है।
Faisal Lala: कांग्रेस नेता पहले अपने दामन में झाँकें, बीजेपी की बी-पार्टी कौन है – फ़ैसल लाला
Constitution Dialogue Programme: मौलिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी दी जानकारी
सचिव आनंद कुमार द्विवेदी ने विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए कहा कि एक जागरूक नागरिक होने के नाते संविधान का सम्मान करना, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखना और समाज में आपसी सद्भाव एवं भाईचारे की भावना विकसित करना सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि देशभक्ति का वास्तविक अर्थ संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाना है। विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
Constitution Dialogue Programme: स्कूलों में संवाद और जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित
संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में आगे भी न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) के सदस्यों द्वारा विद्यार्थियों के साथ संविधान के विभिन्न विषयों पर संवाद, परिचर्चा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी में संवैधानिक चेतना विकसित करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना है।
Constitution Dialogue Programme: 26 नवंबर को स्कूलों में होगी क्विज प्रतियोगिता
इसी क्रम में 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में क्विज प्रतियोगिता, सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य संविधान की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।
