Mirzapur Traffic Month 2026: डीएम पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने किया शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
Mirzapur Traffic Month 2026: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मीरजापुर में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। सोमवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद अधिकारियों ने यातायात जागरूकता चेतना रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर यातायात माह का शुभारंभ किया।
Traffic Month: हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल पर दिया जोर
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।

इस दौरान बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली जनहानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
Traffic Month: पुलिस लाइन से निकली यातायात जागरूकता रैली
जनजागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लाइन मीरजापुर से यातायात चेतना रैली निकाली गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, पीएसी बैंड पार्टी और पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
Traffic Month: नुक्कड़ नाटक और पेंटिंग से भी करेंगे जागरूक
यातायात माह नवंबर-2026 के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यातायात पुलिस और स्वयंसेवी समूहों के सहयोग से नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, निबंध लेखन सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा यातायात जागरूकता चेतना रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। इसके माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
