Voter List Revision: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
21, 22, 28 और 29 नवंबर को लगेंगे विशेष कैंप; नाम जुड़वाने और गलतियां ठीक कराने की सुविधा, विशेष कैंप में अनुपस्थित रहनेवाले बीएलओ विरुद्ध होगी कार्रवाई
Rampur Voter List Revision: अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में हो और किसी भी मतदाता के नाम, पते या अन्य विवरण में गलती न रहे।
Voter List Revision: 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष कैंप
मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर 2026 (रविवार) को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में नागरिक मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे और जरूरत के अनुसार नाम जुड़वाने, संशोधन अथवा आपत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विशेष कैंप के दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर उपस्थित रहकर नागरिकों की सहायता करेंगे। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वाले बीएलओ के विरुद्ध निलंबन सहित अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आम नागरिकों को क्या करना है?
● अपना नाम जरूर जांचें।
यह देखें कि आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज है और नाम, पता आदि सही लिखा है।
● नाम नहीं है तो नाम जुड़वाएं।
18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, फार्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
● नाम या पते में गलती है तो सुधार कराएं।
मतदाता सूची में किसी प्रकार की गलती होने पर फार्म-8 के माध्यम से सुधार कराया जा सकता है।
● अपात्र या डुप्लीकेट नाम की जानकारी दें।
यदि मतदाता सूची में किसी अपात्र व्यक्ति का नाम है अथवा एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थान पर दर्ज है, तो इसकी सूचना फार्म-7 के माध्यम से दी जा सकती है।
● बीएलओ से संपर्क करें।
घर-घर आने वाले बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को सही जानकारी दें और मतदाता सूची से संबंधित किसी समस्या में उनसे सहायता लें।

Voter List Revision: घर-घर जाकर होगी जांच
जहां आवश्यक होगा, बीएलओ घर-घर जाकर यह जांच करेंगे कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। जिन पात्र लोगों का नाम नहीं होगा, उन्हें नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि बीएलओ के कार्य की नियमित निगरानी की जाए और लोगों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Voter List Revision: कैंप में प्राप्त आवेदन उसी दिन ऑनलाइन दर्ज होंगे
विशेष कैंप में नागरिकों से प्राप्त फार्मों को बीएलओ द्वारा उसी दिन डिजिटल माध्यम से दर्ज (डिजिटाइज) करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
Voter List Revision: शिकायतों का समय से होगा समाधान
मतदाताओं की शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। ‘Book a Call with BLO’ के माध्यम से प्राप्त कॉल रिक्वेस्ट 48 घंटे से अधिक लंबित नहीं रखने के निर्देश हैं। एनजीएसपी सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा की जाएगी।
Voter List Revision: जिलाधिकारी की आमजन से अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाएं और अपने तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जरूर जांचें। नाम नहीं होने, किसी जानकारी में गलती होने या डुप्लीकेट/अपात्र नाम की जानकारी होने पर निर्धारित फार्म के माध्यम से समय से कार्रवाई करें।
उन्होंने सभी बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान में अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा बिना अनुमति अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आनंद कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
UP Ranji Team Captain: आर्यन जुयाल को यूपी रणजी टीम का कप्तान चुने जाने पर मिल रही बधाइयां

[…] Voter List Revision: मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर… […]