Sankirtan Utsav Rampur: श्री सनातन धर्मसभा में श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल का कीर्तन उत्सव आयोजित
सूफी संतों और अष्टछाप कवियों की वाणियों से भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु, राधा नाम पर झूमे भक्त
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Radha Madhav Sankirtan Utsav Rampur: श्री सनातन धर्मसभा में श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल का कीर्तन उत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बरेली से आए संकीर्तन सम्राट युधिष्ठिर मलिक और कोकिल कंठ सुनील मलिक ने सूफी संतों एवं अष्टछाप कवियों की वाणियों के भावपूर्ण गायन से समां बांध दिया। उनकी मधुर प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
Sankirtan Utsav Rampur: राधा नाम संकीर्तन पर झूम उठे श्रद्धालु
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदना से हुआ, जिसके बाद पद.पदावलियों के गायन का सिलसिला शुरू हुआ। जब आना ही है एक रोज तुम्हें, तो क्यों न अभी जा जाओ, हे गोपाल मुरलिया वाले नंदलाल मुरलिया वाले, रास रच्यौ है वृंदावन धाम महारास रच्यौ है और मैंने रटना लगाई रे राधा नाम की जैसी प्रस्तुतियों ने वातावरण को कृष्णमय बना दिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में राधा नाम के संकीर्तन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा सभागार राधामय हो गया।
Sankirtan Utsav Rampur: अष्टछाप कवियों की वाणी से सजी संकीर्तन संध्या
इस अवसर पर बरेली से आए आरके शर्मा, मनीष गौड़, राजू वर्मा सहित अन्य संकीर्तनकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण को और उल्लासपूर्ण बनाया। गाजियाबाद से आए वीरेन्द्र अरोरा ने श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल की विशिष्ट शैली और उसकी परंपरा के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम के संयोजक अतुल गुप्ता, नरेश चंद्र गुप्ता, सौरभ गुप्ता, राम गुप्ता, शोभित, भावना, महिमा, प्रीति और दिव्या ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष आशीष जिंदल के साथ डिक्की आनंद, नवीन गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, पुष्पेन्द्र अग्रवाल, गिरिराज सरन अग्रवाल, सुमित गुप्ता, कुनाल रस्तोगी, पीके वार्ष्णेय, डॉ दीपांशु गुप्ता, राधा गुप्ता, सुमित मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
