Rampur Sunita Death Case: रामपुर के अजीतपुर में विवाहिता का संदिग्ध परिस्थिति में मिला शव: मायके वालों ने पति समेत चार ससुरालियों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप!
Rampur Sunita Death Case: रामपुर के अजीतपुर में विवाहिता सुनीता (21) की रविवार शाम करीब 6 बजे संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट के बाद मर्डर करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार सुबह पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
नवंबर 2025 में हुई थी शादी
सुनीता की शादी 24 नवंबर 2025 को अजीतपुर निवासी जितेंद्र से हुई थी। मायके पक्ष के मुताबिक, शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर उसे परेशान करते थे। सुनीता के तहेरे भाई सैनी ने पति जितेंद्र, जेठ सचिन, जेठानी रजनी और सास सुंदरिया पर मारपीट करने और उसकी हत्या के करने का आरोप लगाया है।
भाई को फोन कर दी गई मौत की सूचना
सुनीता के सगे भाई अरविंद ने बताया कि रविवार शाम करीब 7 बजे उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उसे बहन का शव उठाकर ले जाने के लिए कहा। सूचना मिलने पर उसने परिवार के अन्य लोगों को बताया। इसके बाद परिजन अजीतपुर पहुंचे। अरविंद के मुताबिक, वहां सुनीता का शव मिला था।
परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उठवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक ओंकार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पति जितेंद्र और अन्य ससुरालीजनों ने मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
