Aditya Yadav Badaun: ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले सांसद आदित्य यादव, घायलों का भी जाना हाल

Aditya Yadav Badaun: बागपत के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने गुरुवार को जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवारों को ढांढस बंधाया। सांसद ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के साथ उनकी समस्याएं और पीड़ा भी सुनी।

कई गांवों में पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात

सांसद आदित्य यादव सबसे पहले बदायूं विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में मृत व्यक्ति के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद वह शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निजामपुर पहुंचे और मृतक के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इसके बाद सांसद चेतु नगला और अलीपुर चमारी पहुंचे। दोनों गांवों में उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ हैं और आवश्यक सहयोग के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद सांसद बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सराय मुड़िया खागी पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। दौरे के अंतिम चरण में वह सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मदारपुर पहुंचे, जहां हादसे में मृत लोगों के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

घायलों और उनके परिजनों से भी मिले सांसद

सांसद आदित्य यादव ने हादसे में घायल लोगों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने घायलों के उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। सांसद ने कहा कि हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के साथ वह खड़े हैं। उन्होंने परिजनों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

सांसद के दौरे के दौरान सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, विधायक ब्रजेश यादव, पूर्व विधायक भूपेंद्र सिंह दद्दा, हिमांशु यादव, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, महासचिव उदयवीर शाक्य, फखरे अहमद शोबी, सुनील यादव, अतुल पटेल, अशोक यादव, लक्ष्मण लोधी, देवेंद्र गौतम, सुनीता पाल, नवाब सिंह यादव, डॉ. शकील, केपी राठौर, परवेज अहमद, जवाहर सिंह यादव, प्रदीप गुप्ता और किशनपाल गुरु सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.