Rampur Seva Sankalp Abhiyan Bilaspur: सीडीओ ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बिलासपुर विकास खण्ड की प्रदर्शनी का किया निरीक्षण

Rampur Seva Sankalp Abhiyan Bilaspur: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकास खण्ड बिलासपुर परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही थी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम्य विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की जानकारी ली। सिमरन स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार फूलों के गुलदस्ते सहित अन्य उत्पादों का भी अवलोकन किया गया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं, ताकि समूहों की आय में वृद्धि हो और महिलाओं को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाया जा सके।

सीडीओ ने प्रदर्शनी में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक जनसामान्य को उनका लाभ दिलाया जाए।

प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंचायती राज, शिक्षा, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। संबंधित विभागों द्वारा पम्पलेट एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.