Mukhyamantri Krishak Samriddhi Yojana: मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, किसानों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण

Mukhyamantri Krishak Samriddhi Yojana:  प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का बुधवार को प्रदेश स्तर पर शुभारंभ किया गया। योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। बदायूं में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) स्थित ऑडिटोरियम में स्थानीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता मौजूद रहे।

लघु और सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत ब्याज पर मिलेगा ऋण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि इसके माध्यम से पात्र किसानों को कृषि और आर्थिक विकास के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत रियायती ब्याज दर पर अधिकतम 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि से जुड़े जरूरी कार्यों और संसाधनों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके और किसानों की आय में वृद्धि हो।

mukhyamantri-krishak-samriddhi-yojana-badaun
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना

पांच आदर्श किसानों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, बदायूं की ओर से जनपद के पांच आदर्श किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से जुड़ी जानकारी दी और पात्र किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

बड़ी संख्या में किसान और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक बदायूं की उपसभापति रानी सिंह पुंडीर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक बदायूं के प्रतिनिधि नत्थू लाल वर्मा, यूपीएस बदायूं के निदेशक मनोज कृष्ण गुप्ता, डीसीडीएफ चेयरमैन रविंद्र पाल सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक बदायूं के वरिष्ठ प्रबंधक प्रवल प्रताप सिंह और सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता बदायूं विवेक कौशल मौजूद रहे।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि एवं अधिकारी, समितियों के सचिव, किसान संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.