Rampur Seva Sankalp Abhiyan: सीडीओ ने चमरौआ और सैदनगर में विकास प्रदर्शनी का किया निरीक्षण, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश
Rampur Seva Sankalp Abhiyan: सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने मंगलवार को चमरौआ और सैदनगर विकासखंड में आयोजित विकास प्रदर्शनी एवं विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों के स्टॉलों का लिया जायजा
चमरौआ और सैदनगर विकासखंड में आयोजित प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, पंचायती राज और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। सीडीओ ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास प्रदर्शनी और शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
सैदनगर में गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम
सैदनगर में सीडीओ गुलाब चन्द्र ने दो महिलाओं की गोद भराई और दो शिशुओं का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें योजनाओं और विभागीय सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाए।

सीडीओ ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सीधे लाभ पहुंचाना है। इसके लिए विभागीय अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं।
