​Raj Kumar Verka Punjab Law and Order: पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त, पुलिस खुद असुरक्षित: डॉ. राजकुमार वेरका

​वायरल एडवाइजरी पर बोले वेरका: "नोटिफिकेशन फर्जी हो सकता है, लेकिन पुलिस पर हमले और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की सच्चाई नहीं"

-डॉ. राजकुमार वेरका का मान सरकार पर हमला: “पंजाब में पुलिस ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या?”

​-जेलों से गैंगस्टरों का सिंडिकेट चलने का आरोप: डॉ. वेरका बोले— “जेलों में दामाद की तरह रखे जा रहे हैं अपराधी, वहीं से मांग रहे फिरौती”

​-अकाल तख्त के जत्थेदार को सीमा पर रोके जाने पर भी उठाए सवाल, पूछा— “अरदास करने से रोकना कैसा व्यवहार?”

Raj Kumar Verka Punjab Law and Order: पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। पंजाब पुलिस के जवानों को वर्दी में बाहर न निकलने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल हुई एडवाइजरी और राज्य के ताजा सुरक्षा हालातों को लेकर उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

​डॉ. वेरका ने बातचीत के दौरान कहा कि भले ही डीजीपी या पुलिस प्रशासन यह दावा कर रहा हो कि वर्दी न पहनने वाला वायरल नोटिफिकेशन फर्जी (फेक) है, लेकिन राज्य की जमीनी हकीकत को झुठलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, “नोटिफिकेशन फेक हो सकता है, लेकिन पंजाब की बदतर सच्चाई फेक नहीं है। यह कड़वा सच है कि आज पंजाब में कोई भी सुरक्षित नहीं है। राज्य में आम नागरिक तो दूर, वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी महफूज नहीं हैं। पुलिसकर्मियों पर खुलेआम हमले हो रहे हैं, उन्हें टारगेट किया जा रहा है और टारगेट किलिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज हालात ऐसे बन चुके हैं कि जनता की रक्षा करने वाली पुलिस को ही सुरक्षा की जरूरत महसूस हो रही है।

​जेलों से चल रहा अपराध का समानांतर तंत्र

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने मान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा दौर में गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जेलों के भीतर बंद गैंगस्टरों को ‘दामादों की तरह’ सुविधाएं मिल रही हैं। जेलों के अंदर से फोन कॉल किए जा रहे हैं, खुलेआम फिरौतियां वसूली जा रही हैं और अपना काला कारोबार चलाया जा रहा है।

​डॉ. वेरका ने कहा कि राज्य में खौफ का ऐसा आलम है कि अगर कोई आम व्यापारी या नागरिक नई कार खरीदता है, तो उसे तुरंत फिरौती का फोन आ जाता है। कोई नया मकान बना ले या किसी के पास थोड़ी अधिक जमीन-जायदाद हो, उसे भी गैंगस्टरों द्वारा धमकियां देकर करोड़ों की मांग की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जेलों से पूरा आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है, तो पंजाब सरकार और उसका खुफिया तंत्र कहां सोया हुआ है?

​”हर समस्या को फेक बताकर पल्ला झाड़ रही सरकार”

कांग्रेस कार्यकारी प्रधान ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए हर गंभीर मुद्दे को ‘फेक’ बता देती है। चाहे फिरौतियों का डर हो, नशे से हो रही मौतों का संकट हो या पुलिस पर हमले की घटनाएं—सरकार हर चीज से मुंह मोड़ लेती है। उन्होंने कहा कि असल में यह सरकार ही अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता का भरोसा खो चुकी है।

​इसके साथ ही, डॉ. वेरका ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को सीमा पर अरदास के लिए जाने के दौरान बीएसएफ द्वारा रोके जाने के मुद्दे पर भी चिंता जताई और कहा कि सरबत्त के भले की अरदास करने जा रहे धार्मिक प्रमुखों के साथ ऐसा व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था की बदहाली को देखते हुए राज्य सरकार को अपनी विफलताओं की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.