School Vehicle Safety Guidelines: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला विद्यालयान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन 

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

School Vehicle Safety Guidelines: बदायूं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालयान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही, विद्यालय वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा संबंधी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। विद्यालयों में आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच कराई जाए तथा स्कूल बस/वैन की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि चालक निर्धारित वर्दी में ही वाहनों का संचालन करें साथ ही कंडक्टर की जो निर्धारित वर्दी है वह वर्दी पहनकर ड्यूटी करें, विद्यालय वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए। वाहनों में प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, सीट बेल्ट तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें। निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित विद्यालय वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि विद्यालयों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग, चेतावनी संकेतक, नो-पार्किंग व्यवस्था एवं आवश्यक यातायात संकेतों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन/संचालक/प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में *विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति*का गठन जल्द से जल्द किया जाए तथा विद्यार्थियों को यातायात नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में नियमित रूप से जागरूक किया जाए।

बैठक में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से विद्यालयीन वाहनों की जांच एवं सड़क सुरक्षा अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयीन वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) मानवेंद्र सिंह,एआरटीओ हरिओम,बीएसए, डीआईओएस,यातायात पुलिस,विद्यालय संचालक/प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.