सेवा संकल्प अभियान में प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल,  रक्तदान शिविर का किया निरीक्षण

विकास भवन में रसोइयों और सफाई कर्मियों का सम्मान, 15 दिव्यांगों को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

Rampur: सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री एवं जनपद प्रभारी धर्मपाल सिंह गुरुवार को जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को अपने हाथों से फल बांटे और उनका हालचाल जाना। मंत्री ने मरीजों से उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल में मदद एक आस और वीर खालसा समिति की ओर से लगाए गए रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया।

रक्तदान करने वालों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान पुनीत कार्य है। जरूरत के समय किसी मरीज के लिए रक्त उपलब्ध कराना जीवन बचाने में मददगार होता है। उन्होंने समाज के लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

इसके बाद प्रभारी मंत्री विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सेवा का संकल्प लिया जाए तो उसके आगे कोई विकल्प नहीं होता। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर देशभर में लोग उनके दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उसकी जरूरत के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

75 रसोइयों और 75 सफाई कर्मियों का सम्मान

समारोह में प्रभारी मंत्री ने सेवा कार्यों में योगदान देने वाले 75 रसोइयों और 75 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। इसके अलावा 15 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत टेलर और हलवा ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाले 35 लाभार्थियों को टूलकिट दी गईं।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, पूर्व सांसद घनश्याम लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.