Rampur: सड़क हादसे में सिपाही की दर्दनाक मौत, दुकान में घुसकर दो भाइयों से मारपीट; STF ने हथियार तस्करी गिरोह के 5 सदस्य दबोचे

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

Rampur/Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने कार्रवाई की है। रामपुर के मिलक कोतवाली में तैनात सिपाही की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि सिविल लाइंस क्षेत्र में दुकान में घुसकर दो सगे भाइयों से मारपीट के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, यूपी एसटीएफ ने गोरखपुर में अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

  • मिलक में तैनात सिपाही सचिन की हादसे में मौत

रामपुर के मिलक कोतवाली में तैनात सिपाही सचिन कुमार (28) की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात वाहन ने उनकी बुलेट बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक सिपाही की पहचान सचिन कुमार पुत्र सोमपाल सिंह, निवासी ग्राम रखालु, थाना हसनपुर, जनपद अमरोहा के रूप में हुई है। सचिन वर्तमान में कोतवाली मिलक में तैनात थे और थाना शहजादनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे।

घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जांच कर रही है।

  • दुकान में घुसकर दो भाइयों से मारपीट, सात गिरफ्तार

रामपुर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में दुकान में घुसकर दो सगे भाइयों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई लोगों ने धारदार हथियारों के साथ लात-घूंसों और हाथों से दोनों भाइयों की पिटाई की।

मारपीट की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस के मुताबिक मामले में करीब नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

  • गोरखपुर में STF का एक्शन, हथियार तस्करी गिरोह के पांच गिरफ्तार

यूपी एसटीएफ ने गोरखपुर में अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध असलहों की तस्करी करने वाले कथित गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रेयांश यादव उर्फ बबल, अजीत यादव, अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी और राहुल गुप्ता के रूप में हुई है।

एसटीएफ के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चार .32 बोर पिस्टल, चार मैगजीन, एक .32 बोर रिवॉल्वर, पांच जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है।

एसटीएफ ने सभी आरोपियों को गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.