एटा में 14 किलो गांजा बरामद, तीन कथित तस्कर गिरफ्तार
मारहरा पुलिस की कार्रवाई, बरामद गांजे की कीमत करीब 2.10 लाख रुपये बताई गई
Etah: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मारहरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 14 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक पुत्र विनोद, गुलशन पुत्र विनोद और दीपू पुत्र साहब सिंह के रूप में की है। तीनों आरोपी मानपुर कांशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली देहात, एटा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना मारहरा में मुकदमा संख्या 166/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रितिक और दीपू का पूर्व आपराधिक इतिहास सामने आया है। रितिक के खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं दीपू के खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गुलशन के खिलाफ भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांजे की सप्लाई के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
नशे के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस गांजे की बरामदगी के साथ उसके सप्लाई नेटवर्क पर भी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा आरोपियों तक कहां से पहुंचा और इसकी सप्लाई आगे किन लोगों को की जानी थी।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मुकुल कुमार, उपनिरीक्षक विपिन सिंह समेत नौ पुलिसकर्मी शामिल रहे।
