पंजाब में कई घंटे तक रेलवे ट्रैक पर किसानों का प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई के खिलाफ पटरियों पर बैठे प्रदर्शनकारी

लुधियाना। ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई को लेकर पंजाब में कई स्थानों पर किसान पटरियों पर आ गए जिसके बाद दिल्ली-अमृतसर मार्ग पर कुछ ट्रेनों के रूट बदल दिए गए। किसानों ने कई टोल प्लाजा पर धरना भी दिया और अधिकारियों पर यात्रियों से पथकर नहीं लेने के लिए दबाव बनाया।

बता दें कि भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) और बीकेयू डकोंदा (धनेर) ने पंजाब में कई जगहों पर चार घंटे के लिए ‘रेल रोको’ का आह्वान किया था। किसानों ने दोपहर करीब 12 बजे अपना आंदोलन शुरू किया और कई स्थानों पर पटरियों पर बैठ गए। प्रदर्शन शाम चार बजे तक जारी रहा। चूंकि किसान मुख्य दिल्ली-अमृतसर मार्ग पर कई स्थानों पर रेलवे पटरियों पर बैठे हैं, इसलिए रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों को चंडीगढ़ (दिल्ली की ओर) और लोहियां खास (अमृतसर और जालंधर की ओर) के रास्ते भेजा है।

भारतीय किसान यूनियन के नेता हरमीत सिंह कादियान ने बताया कि वे दिल्ली जाने की कोशिश कर रहे किसानों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। होशियारपुर में किसानों ने जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया। दोआबा किसान कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जंगवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में किसानों ने चोलांग और हरसे मानसर में टोल प्लाजाओं का घेराव किया और वहां धरना दिया। उन्होंने केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और किसानों के लिए न्याय की मांग की।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.