New Delhi: दिल्ली-एनसीआर के वाहन चालकों को महंगाई का एक और झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने सीएनजी की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें शनिवार, 29 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में CNG का दाम 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।
अंतरराष्ट्रीय LNG की कीमतों में उछाल बनी वजह
IGL के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अंतरराष्ट्रीय लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। जुलाई के बाद से अंतरराष्ट्रीय LNG बाजार में तेजी देखने को मिली है। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गैस शिपमेंट को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।
कंपनी ने बताया कि CNG सेगमेंट को उपलब्ध कराई जाने वाली गैस का एक बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड स्पॉट LNG से आता है। अंतरराष्ट्रीय गैस कीमतों में तेजी और घरेलू CNG की बढ़ती खपत के कारण IGL की इनपुट कॉस्ट में इजाफा हुआ है। इसी वजह से कंपनी ने CNG की कीमतों में संशोधन किया है।
IGL ने बताया ‘कैलिब्रेटेड’ प्राइस संशोधन
IGL ने कीमत में बढ़ोतरी को ‘कैलिब्रेटेड’ यानी सोच-समझकर किया गया मूल्य संशोधन बताया है। कंपनी का कहना है कि वह बढ़ी हुई गैस लागत का एक हिस्सा खुद वहन कर रही है, ताकि ग्राहकों को निर्बाध और भरोसेमंद गैस आपूर्ति जारी रखी जा सके।
TTF और JKM LNG की कीमतों में दोगुने से ज्यादा बढ़ोतरी
IGL के अनुसार, यूरोपियन TTF गैस की कीमत फरवरी के अंत में करीब 11.36 डॉलर प्रति MMBTU थी, जो 27 अगस्त तक बढ़कर 23.35 डॉलर प्रति MMBTU हो गई। इसमें करीब 105 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
वहीं, एशियन JKM LNG की कीमत लगभग 10.99 डॉलर से बढ़कर 23.41 डॉलर प्रति MMBTU हो गई। यानी इसमें करीब 113 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया।
ऑटो-टैक्सी और निजी वाहन चालकों पर बढ़ेगा खर्च
CNG की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर में ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों के ईंधन खर्च पर पड़ने की संभावना है। हालांकि, IGL का कहना है कि बढ़ी कीमत के बावजूद दिल्ली में CNG अन्य प्रमुख ईंधनों की तुलना में अभी भी किफायती विकल्प बनी हुई है।
IGL दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी का नेटवर्क हजारों किलोमीटर लंबी पाइपलाइनों और 1,000 से अधिक CNG स्टेशनों के माध्यम से लाखों वाहनों और घरों तक गैस पहुंचाता है।
