Prayagraj: प्रयागराज में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र स्थित स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा अचानक निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त प्रभावित हिस्से में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि की सूचना नहीं है।
निर्माण के लिए खोदा गया था गहरा गड्ढा
जानकारी के अनुसार, स्वामीनारायण मंदिर के पीछे पिछले तीन-चार महीनों से निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के लिए मंदिर के पीछे काफी गहरा और बड़ा गड्ढा खोदा गया था। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण इस गड्ढे में पानी भर रहा था। बारिश के चलते निर्माण कार्य भी फिलहाल बंद था।
बारिश के पानी से कमजोर हुई जमीन, नींव पर पड़ा असर
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गड्ढे में पानी भरने और मिट्टी खिसकने के कारण मंदिर के पीछे की जमीन कमजोर हो गई। इससे मंदिर की नींव पर दबाव पड़ा और शुक्रवार देर रात उसका तीन मंजिला हिस्सा अचानक ढह गया।
देखते ही देखते मंदिर का हिस्सा निर्माण स्थल के लिए खोदे गए गड्ढे में समा गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जॉर्ज टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे और उसमें जमा बारिश के पानी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
हालांकि, मंदिर का हिस्सा गिरने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन की टीम निर्माण स्थल के साथ मंदिर की बची हुई संरचना की सुरक्षा का भी जायजा ले रही है, ताकि किसी अन्य हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की आशंका को रोका जा सके।
