वचन भी निभाएंगे, संघर्ष भी करेंगे : नूंह रैली को लेकर अभय चौटाला ने उकलाना, बरवाला व हांसी के लोगों में भरा जोश
रैली को लेकर प्रचार, प्रसार निरंतर जारी
Ellenabad, August 27( डॉ एम पी भार्गव): पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर नूंह में 27 सितंबर को होने वाली सम्मान दिवस रैली को लेकर इनेलो ने पूरी ताकत झोंक दी है।
रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने बुधवार को उकलाना, बरवाला और हांसी में कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित किया।
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए अभय चौटाला ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से हताश है, स्कूलों में शिक्षक नहीं और अस्पतालों में चिकित्सक नहीं हैं। भाजपा ने 2014 में 15 लाख और काला धन लाने जैसे बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आते ही वादों को भुला दिया। भाजपा ने हरियाणा के भाईचारे में जात-पात का जहर घोलने का काम किया है।

जाट आरक्षण व राज्यसभा चुनाव पर हमला:-
अभय चौटाला ने 2016 के जाट आरक्षण आंदोलन और राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा में मिलीभगत है। कांग्रेस विपक्ष की भूमिका मजबूती से नहीं निभा रही, जनता के मुद्दे केवल इनेलो ही उठा रही है।
उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल केवल नेता नहीं, बल्कि किसान, मजदूर और गरीब की आवाज थे। नूंह रैली ऐतिहासिक होगी।
वचन के धनी हैं अभय चौटाला – प्रो. संपत सिंह:-
उकलाना में राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि अभय चौटाला अपने दादा देवीलाल की तरह वचन के धनी हैं। किसान आंदोलन में विधायक पद से इस्तीफा देकर उन्होंने यह साबित किया।
इनेलो ने हमेशा जनता की लड़ाई लड़ी – रामपाल माजरा:-
प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि बुजुर्गों की पेंशन कटौती और गेहूं खरीद में बायोमेट्रिक की शर्त पर अभय चौटाला ने सड़क पर उतरकर सरकार को झुकाया।
सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
