भाकपा,  सरकार की अमेरिका परस्त नीतियों के खिलाफ CPI का जनसंपर्क, 1 सितंबर को दिल्ली बदलाव रैली में पहुंचने की अपील

ऐलनाबाद: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) द्वारा भाजपा सरकार की अमेरिका परस्त व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 1 सितंबर को दिल्ली में होने वाली बदलाव रैली को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है।
अभियान के तहत आज मोजू खेड़ा, कृपाल पट्टी, शेखूखेड़ा, हिमांयू खेड़ा, रत्ताखेड़ा , गिदड़ा वाली, कुत्ताबढ़ और मोजदीन गांवों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क किया।
इस दौरान पार्टी के जिला सचिव प्रितपाल सिंह सिद्धू ने कहा कि भाजपा सरकार देश के संसाधनों को कॉरपोरेट के हाथों बेच रही है। सरकार की विदेश नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है और सरकार ने अमेरिका के आगे घुटने टेक दिए हैं।
बलराज सिंह बणी ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार संधि लागू होने से पहले से घाटे में चल रही खेती पूरी तरह तबाह हो जाएगी। खाद्य सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं रहेगी, महंगाई और बढ़ेगी जिससे आमजन का जीना दूभर हो जाएगा। शिक्षा के भगवाकरण से देश को नुकसान होगा और सरकार के पास बढ़ती बेरोजगारी व जेन-जी (Gen-z) की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है।
नेताओं ने लोगों से 1 सितंबर को दिल्ली में होने वाली बदलाव रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रैली को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर रेशम सिंह संधू, पाला सिंह चीमा, गुरनाम सिंह करीवाला, चानन राम मोजदीन सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.