वकीलों ने पार्षद के जरिए एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, अस्थाई व्यवस्था की मांग
नगर पालिका कर्मचारियों की हड़ताल से जनता बेहाल
Ellenabad, August 19 (एम पी भार्गव): नगर पालिका कर्मचारियों और सरकार के बीच मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से जारी प्रदेशव्यापी हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगने और नागरिक सुविधाएं प्रभावित होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए आज स्थानीय अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर पार्षद सुभाष चन्द्र के माध्यम से उपमंडल अधिकारी पारस भागोरिया को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन देने वालों में अधिवक्ता राजकुमार खत्री, वीरेंद्र भादू, जगतार सिंह रंधावा, संदीप कामरा, मनीन्द्र सिंह सिद्धू, रवि करण गिजवानी, हेमंत गोयल, प्रवीण शर्मा व पवन गरुवा शामिल रहे।
ज्ञापन के माध्यम से वकीलों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक सरकार और कर्मचारियों के बीच गतिरोध खत्म नहीं होता, तब तक शहर में सफाई और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए तुरंत अस्थाई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

उन्होंने मांग की है कि हड़ताल के दौरान शहर के मुख्य बाजारों, रिहायशी इलाकों और अस्पतालों के आसपास से कूड़ा उठाने के लिए तुरंत वैकल्पिक श्रमिकों व गाड़ियों का प्रबंध किया जाए।
वकीलों ने बताया कि सफाई न होने से बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। ऐसी गंभीर बीमारियों से बचने के लिए कचरे के ढेर के आसपास सूखा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाया जाएं।
वकीलों व नगर पार्षद ने कहा कि प्रशासन और सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर विचार कर इस हड़ताल का जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान निकाले। ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहरवासी पहले भी गंदगी और दुर्व्यवस्था का दंश झेल चुके हैं।
उपमंडल अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि जल्द ही प्रशासन व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास करेगा।
