पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में वीएमसी बैठक, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर मंथन

Etah. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एटा में विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने की। बैठक में विद्यालय के प्राचार्य श्री शारदा सरन, समिति के सदस्यों तथा विद्यालय के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रगति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विद्यार्थियों की प्रगति, अनुशासन, स्वच्छता, सुरक्षा, खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विद्यालय के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्राचार्य द्वारा विद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों, वर्तमान गतिविधियों एवं आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई।

समिति सदस्यों ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उनके बौद्धिक, शारीरिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए, जिससे उनमें अनुशासन, जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों का विकास हो। उन्होंने विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक में विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग करने पर भी चर्चा हुई। बैठक के अंत में सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.